Thursday 11 April 2019

Article : वोट जरूर डालें

वोट जरूर डालें

हमारा भारत लोकतांत्रिक देश है। और मुझे पूरी उम्मीद है, कि ये हमारे देश का हर नागरिक जानता है कि लोक तंत्र का अर्थ है, कि देश चलाने वाला सदस्य जनता द्वारा चुना जाएगा। किसी तरह का राजवंश शासन नहीं रहेगा।

पर अगर आप देखेंगे, तो पाएंगे, कि लोकतन्त्र देश होने के बावजूद भारत में नेहरू परिवार की वंशावली ही चली थी। जो मोदी जी के आने से टूट सी गयी है, या यूँ कहें एक सी सत्ता कब तक चलती। इस समय उनके वंश में कोई इस योग्य नहीं है, कि सत्ता की बागडोर संभाल सके।

पिछले निकले हुए कुछ साल हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं, कि हम वंशावली से परे भी सोच सकते हैं। आज हमें जातिवाद, आरक्षण, कालाबाजारी जैसे छोटे मुद्दों को दर किनार कर भारतवाद की ओर चलना है। इस बार देश के विकास को आगे रखना है।

देश का सर्वांगी विकास हमारे विकास का द्योतक है, अर्थात देश फलेगा-फूलेगा, तो देशवासी भी खुश ही होंगे।

हमें आज देश को शशक्त बनाना है, जिससे हमारे देश पर कोई बुरी नज़र ना रखे। अर्थव्यवस्था में इतना दृढ़ बनाना है, जिससे प्रत्येक देश हम से मैत्रीपूर्ण  संबंध जोड़ना चाहे। तकनीकी में इतना आगे निकल जाना है, कि हमारे देश की प्रतिभाएं पलायन ना करें।

पर ये सारे सपने तभी पूरे होंगे, जब हम इस बात की एहमियत समझेंगे, कि वोट डालना बहुत जरूरी है। जब तक एक एक देशप्रेमी देश के लिए उचित हाथों को वोट नहीं डालेगा, ये सब बातें मात्र सपना ही रहेंगी।

उठिए सोच क्या रहें हैं? घर बैठ कर अपने अमूल्य वोट को व्यर्थ ना जाने दें। एक एक वोट अमूल्य है। हर वोट ये निर्धारित करता है, कि देश विकास करेगा, या अंधकार के सुपुर्द हो जाएगा।

अगर वोट डालने से उंगली में दाग लगता है, तो दाग अच्छे हैं। आइये आपको देश बुला रहा है, इस बार देश के विकास की सोच रख कर वोट जरूर डालिए।    

जय भारत!