Saturday, 2 November 2024

India's Heritage : गोवर्धन पूजा

दीपोत्सव का पांच दिवसीय त्यौहार पूरे हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है।

जिसका आज चौथा दिन है। इसे कुछ जगहों पर पड़वा या परिवा के रूप में मनाया जाता है। 

वही ब्रज से जुड़े प्रांत और शहरों में जहां-जहां भी श्रीकृष्ण जी की पूजा-अर्चना को प्राथमिकता दी जाती है, वहां इसे गोवर्धन पूजा के रूप में मनाया जाता है।

गोवर्धन पूजा क्यों की जाती है, उसके पीछे क्या कारण है? और किस युग से यह प्रारंभ हुई? 

यह सब बहुत ही रोचक और अनुकरणीय है, जिसे स्वयं भगवान श्रीकृष्ण जी ने सार्थक कर के दिखाया है।

गोवर्धन पूजा

गोवर्धन पूजा के सम्बन्ध में एक लोकगाथा प्रचलित है। 

कथा यह है कि देवराज इन्द्र को अभिमान हो गया था। इन्द्र का अभिमान चूर करने हेतु भगवान श्री कृष्ण, जो स्वयं लीलाधारी श्री हरि (विष्णु) के अवतार हैं, उन्होंने एक लीला रची।

बात द्वापर युग की है, वह युग कृषि प्रधान युग था। लोगों की जीविका का साधन, कृषि, मवेशी पालन, दुग्ध (दूध) उत्पादन इत्यादि था। अतः उस समय इन्द्र देव को देवताओं में विशेष स्थान प्राप्त था।

चलिए, अब देखते हैं, लीलाधर श्री कृष्ण जी की अद्भुत लीला की कथा...

प्रभु की इस लीला में यूं हुआ, कि एक दिन उन्होंने देखा के सभी बृजवासी उत्तम पकवान बना रहे हैं और किसी पूजा की तैयारी में जुटे हुए हैं।

श्री कृष्ण ने बड़े भोलेपन से मैया यशोदा से प्रश्न किया, "मैया, यह आप लोग किसकी पूजा की तैयारी कर रहे हैं?"

कान्हा की बातें सुनकर मैया बोलीं, "लल्ला, हम देवराज इन्द्र की पूजा के लिए अन्नकूट की तैयारी कर रहे हैं।"

मैया के ऐसा कहने पर कान्हा बोले, "मैया, हम इन्द्र की पूजा क्यों करते हैं?"

मैया ने कहा, "वह वर्षा करते हैं, जिससे अन्न की उपज होती है, उनसे हमारी गायों को चारा मिलता है।"

कान्हा बोले, "हमें तो गोर्वधन पर्वत की पूजा करनी चाहिए, क्योंकि हमारी गाये वहीं चरती हैं, इस दृष्टि से गोर्वधन पर्वत ही पूजनीय है और इन्द्र तो कभी दर्शन भी नहीं देते व पूजा न करने पर क्रोधित भी होते हैं, अत: ऐसे अहंकारी की पूजा नहीं करनी चाहिए।"

लीलाधारी की लीला और माया से सभी ने इन्द्र के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा की

देवराज इन्द्र ने इसे अपना अपमान समझा और मूसलाधार वर्षा आरम्भ कर दी।

प्रलय के समान वर्षा देखकर सभी बृजवासी कान्हा को कोसने लगे कि, सब इनका कहा मानने से हुआ है। 

तब मुरलीधर ने मुरली कमर में डाली और अपनी कनिष्ठा उंगली पर पूरा गोवर्धन पर्वत उठा लिया और सभी बृजवासियों को उसमें अपने गाय और बछडे़ समेत शरण लेने के लिए बुलाया।

इन्द्र कृष्ण की यह लीला देखकर और क्रोधित हुए, फलत: वर्षा और तेज हो गयी।

इन्द्र के मान-मर्दन के लिए तब श्री कृष्ण ने सुदर्शन चक्र से कहा कि आप पर्वत के ऊपर रहकर वर्षा की गति को नियन्त्रित करें और शेषनाग से कहा आप मेड़ बनाकर पानी को पर्वत की ओर आने से रोकें।

इन्द्र निरन्तर सात दिन तक मूसलाधार वर्षा करते रहे, तब उन्हें लगा कि उनका सामना करने वाला कोई आम मनुष्य नहीं हो सकता।अत: वे ब्रह्मा जी के पास पहुंचे और सब वृतान्त कह सुनाया।

ब्रह्मा जी ने इन्द्र से कहा, "आप जिस कृष्ण की बात कर रहे हैं, वह भगवान विष्णु के साक्षात अवतार हैं और पूर्ण पुरूषोत्तम नारायण हैं।"

ब्रह्मा जी के मुख से यह सुनकर इन्द्र अत्यन्त लज्जित हुए और श्री कृष्ण से कहा, "प्रभु, मैं आपको पहचान न सका, इसलिए अहंकारवश भूल कर बैठा। आप दयालु और कृपालु हैं, इसलिए मेरी भूल क्षमा करें। इसके पश्चात देवराज इन्द्र ने मुरलीधर की पूजा कर उन्हें भोग लगाया।"

-----------समाप्त-----------


इस पौराणिक घटना के बाद से ही गोवर्धन पूजा की जाने लगी। बृजवासी इस दिन गोवर्धन पर्वत की पूजा करते हैं। गाय-बैल को इस दिन स्नान कराकर उन्हें रङ्ग लगाया जाता है, व उनके गले में नई रस्सी डाली जाती है। गाय और बैलों को गुड़ और चावल मिलाकर खिलाया जाता है।

इस पूरे वृतांत को हिन्दी के कुछ उच्च कोटि के शब्दों से सहसंबद्ध करके अत्यंत ही संक्षेप में प्रस्तुत किया गया है :


सबल स्वर्गिक-सत्ता के अकारण अहंकार को सामूहिकता की कनिष्ठिका से परास्त कर भाग्य-लेख को कर्मयोग के विजय वाक्य द्वारा अपदस्थ करने वाले गिरिधर मुरलीधर का पुरुषार्थ-पर्व कहलाता है गोवर्धन पूजा।

अर्थात् इन्द्र देव (जो कि स्वर्ग के राजा हैं) के बिना किसी बात के अहंकार को, भगवान श्रीकृष्ण जी ने अपनी कनिष्ठ (छोटी) उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर भाग्य लेख को कर्म योग द्वारा परास्त कर  विजय प्राप्त की थी। ऐसे गिरिधर मुरलीधर (भगवान श्री कृष्ण जी) के पुरुषार्थ पर्व को गोवर्धन पूजा के रूप में मनाया जाता है, जिसकी सभी को ढेरों शुभकामनाएँ।

Thursday, 31 October 2024

Poem : दीपों का त्यौहार दीपावली

 दीपों का त्यौहार दीपावली


🪔🎉🪔🪷🪔🎆🪔🎊🪔🕉️🪔


दीपों का त्यौहार दीपावली,

रोशन हो रही है गली-गली।

फूलों से घर-आंगन महके,

खुशियों से हर बच्चा चहके।

 रंगोली से सज गई हैं दहरी,

दीपक हर चौखट का प्रहरी।

मिठाई-पकवानों की मांग बढ़ी है,

 पटाखे की धूम मची है।

हंसी-खुशी हैं जिसकी सहेली, 

वो ही है, त्यौहार दीपावली। 


🪔🎉🪔🪷🪔🎆🪔🎊🪔🕉️🪔


मां लक्ष्मी जी व श्री गणेश जी की कृपा, सदैव हम सब पर बनी रहे 🙏🏻 

आप सभी को दीपावली के महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं 🪔

सर्वत्र सुख-समृद्धि, सम्पन्नता व स्वास्थ्य का वास हो 🙏🏻


दीपावली पर लिखी अन्य कविताओं का आनन्द लेने के लिए click करें  :

Poem : शायद तुम्हें याद होगा 

Poem : यादों की दीपावली

Poem : शुभ दीपावली

Poem : इस बरस दीपावली में 

Poem : दोहे दीपावली वाले 

Poem: दीप से दीप जलाकर

Poem : चलो इस बार दिवाली कुछ अलग सी मानते हैं

Wednesday, 30 October 2024

Article : छोटी दीपावली के कई नाम क्यों?

आज दीपावली के पांच-दिवसीय त्यौहार का दूसरा दिन है। इसे बहुत से नामों से जाना जाता है।

जैसे छोटी दीपावली, रुप चौदस/चतुर्दशी, नरक चौदस/चतुर्दशी आदि, साथ ही कहीं-कहीं पर इसे हनुमान जी के जन्मोत्सव के रूप में भी मनाया जाता है।

पर क्या कारण हैं इन नामों के? या क्यों छोटी दीपावली को इतने सारे नामों से पुकारते हैं।

छोटी दीपावली के कई नाम क्यों?

1) छोटी दीपावली : 

चौदस या चतुर्दशी को छोटी दीपावली इसलिए कहा जाता है क्योंकि यह दिन दीपावली से ठीक एक दिन पहले आता है। 

प्रभू श्री राम के आगमन का समाचार, अयोध्या में पहुंच चुका था, इस दिन से ही लोगों ने घर की उसी तरह साज-सज्जा करनी आरंभ कर दी थी, जैसे दीपावली पर करते हैं। इस दिन पूरे घर में 14 दीप जलाने की परंपरा होती है। 

दीपावली की तरह ही मनाए जाने के कारण इस दिन को छोटी दिवाली कहा जाने लगा है। 


2) रूप चौदस / चतुर्दशी :

दीपोत्सव के दूसरे दिन को रूप चौदस भी कहते हैं। माना जाता है कि महालक्ष्मी उन्हीं लोगों पर कृपा बरसाती हैं, जो साफ-सफाई से रहते हैं, इसी मान्यता की वजह से लक्ष्मी पूजा से पहले रूप चौदस पर भक्त, अपने घर‌ को, खुद को सजाते-संवारते हैं। 

कहा जाता है, कि इस दिन सुबह स्नान करने के बाद भगवान कृष्ण की पूजा करने से रूप सौंदर्य की प्राप्ति होती है।


3) नरक चौदस / चतुर्दशी :

धार्मिक मान्यता के अनुसार, छोटी दिवाली के दिन, अर्थात् चौदस के दिन भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर नामक राक्षस का संहार किया था, इसलिए इसे नरक चतुर्दशी या नरक चौदस भी कहा जाता है।  इस दिन लोग राक्षस पर भगवान कृष्ण की जीत का जश्न मनाते हैं।

एक और मान्यता के अनुसार नरक चतुर्दशी के दिन मृत्यु के देवता यमराज की पूजा की जाती है। माना जाता है कि यह पूजा करने से मृत्यु के बाद नरक (नर्क) में जाने से बचा जा सकता है। लेकिन इसका यह अर्थ बिल्कुल भी नहीं है, कि कोई दुनिया भर के दुष्कर्म करे और यमराज जी की पूजा करे तो सब पुन्य में बदल जाएगा। जैसा कर्म करेंगे, वैसा ही फल प्राप्त होगा। 

ईश्वर की पूजा अर्चना करने से हमारे पुन्य कर्मों का श्रेष्ठ फल मिलता है। शुभ फल शीघ्र मिलता है।

धार्मिक दृष्टिकोण से नरक चतुर्दशी का दिन बेहद महत्वपूर्ण होता है। 


4) हनुमान जन्मोत्सव :

रामायण के अनुसार हनुमान जी का जन्म कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को हुआ था। उस दिन मंगलवार था, मेष लग्न और स्वाती नक्षत्र था।

महावीर हनुमान को भगवान शिव का 11वां रूद्र अवतार कहा जाता है और वे प्रभू श्री राम के अनन्य भक्त हैं।

हनुमान जी ने वानर जाति में जन्म लिया। उनकी माता का नाम अंजना (अंजनी) और उनके पिता वानर राज केशरी हैं। वहीं दूसरी मान्यता के अनुसार हनुमान जी को पवन पुत्र भी कहते हैं। 

इसलिए इस दिन को हनुमान जन्मोत्सव के रूप में भी मनाया जाता है।


आप सभी को छोटी दीपावली, नरक चौदस, रूप चौदस व‌ हनुमान जन्मोत्सव पर हार्दिक शुभकामनाएँ।

श्री हरि व माता लक्ष्मी की कृपा सदैव हम सब पर बनी रहे 🙏🏻