Monday, 13 May 2019

Poem : रामायण में माता सीता भी हैं उत्तम


जिस प्रकार चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी पर राम नवमी का महत्व है, उसी प्रकार बैसाख मास के शुक्ल पक्ष की नवमी में जानकी नवमी का भी महत्व है।

राम नवमी तो पूरे भारत में सदियों से मनाई जा रही है। पर हम में से कितने लोग हैं, जिनको ये पता भी हो, कि सीता नवमी कब मनाई जाती है? 

आज के दिन माता सीता जी  प्रकट हुई थी, अतः आज के दिन को सीता नवमी या सीता प्रकटोत्सव के रूप में मनाया जाता है. 

माता सीता जी को मेरा शत शत वंदन, माँ आपका आशीष हम सब पर सदैव बना रहे.  


रामायण में माता सीता भी हैं उत्तम 




रामायण में माता सीता भी हैं उत्तम। 
तो क्यों केवल प्रभु राम  हैं पुर्षोतम?

पति  व्रत को करने में,
सारे मोह को तोड़ दिया।
वनवास जा कर राम संग, 
राजमहल का सुख छोड़ दिया।।

रामायण में माता सीता भी हैं उत्तम। 
तो क्यों केवल प्रभु राम  हैं पुर्षोतम?

दूर थे दोनों एक दूजे से,
विश्वास तो दोनों को होना था।
फिर परीक्षा क्यों केवल सीता दे,
व्यवहार एक सा होना था।।

रामायण में माता सीता भी हैं उत्तम, 
तो क्यों केवल प्रभु राम  हैं पुर्षोतम।

लेकर अग्नि परीक्षा भी,
ना उसका कुछ मान किया।
एक धोबी के कहने मात्र से,
सीता को त्याग दिया।।

रामायण में माता सीता भी हैं उत्तम, 
तो क्यों केवल  प्रभु राम हैं पुर्षोतम?

सीता ने दूर जा कर भी,
ना बच्चों को बहकाया।
राम के अत्याचार बता कर,
राम के खिलाफ़ ना भड़काया।।

रामायण में माता सीता भी हैं उत्तम,
तो क्यों केवल प्रभु राम  हैं पुर्षोतम।

युग ना बदला है अभी,
ना वो बदलेगा कभी।
सत्युग में भी था वही,
अब भी सत्य है यही सही।।

परीक्षा देनी होगी सीता को ही,
तब भी ना माना जाएगा।
पुरुष प्रधान समाज सदा,
केवल, प्रभु राम को ही पुर्षोतम ठहराएगा।।

Sunday, 12 May 2019

Poem : माँ हैं या, कोई जादू


Happy Mother’s Day

माँ हों साथ तो, हर दिन ही happy होता है, माँ से हर बच्चे का अस्तित्व होता है। मेरी ये कविता, हर माँ को समर्पित है।     

 माँ हैं या, कोई जादू 




माँ हैं या, कोई जादू हैं
हर बात कैसे जान लेती हैं
कैसे हम से पहले,
हमको पहचान लेती हैं 
ना जाने कौन सा जादू
मेरी माँ को आता है
वो मुझसे पहले जानती हैं
मुझको क्या भाता है
किससे मैं डरता हूँ
प्यार किससे करता हूँ
एतबार किस पे करता हूँ
इंतज़ार किस का करता हूँ
वो जानती हैं,
मैं भूखा रह जाता हूँ
जब तक उनके हाथ से
दो निवाला नहीं खाता हूँ
वो जानती हैं,
मैं सुकून से नहीं सोता हूँ
जब तक उनकी गोद में
सिर नहीं रख लेता हूँ
उनके लिए हूँ मैं सब 
माँ सब हैं मेरे लिए
पूजता हूँ मैं उनको
माँ रब हैं मेरे लिए

विश्व की सभी माँ को मेरा कोटि कोटि नमन
Happy Mother’s Day

Friday, 10 May 2019

Story Of Life : मजबूरी का सौदा (भाग-4)

अब तक आपने पढ़ा, कांता बहुत गरीब औरत है, जो अपने बीमार बच्चे को डॉ. समीर को दिखाना चाहती है, पर clinic बन्द होने के कारण दुखी है। क्योंकि Sunday को डॉ. घर में देखते हैं, जो बहुत दूर है, तभी वहाँ सरजू रिक्शेवाला आ जाता है, वो  उन्हें डॉ समीर के पास ले जाता है।  डॉ  समीर की Sunday की फीस हज़ार रूपये हैं , पर कान्ता के पास केवल 700 रूपये हैं।  और इतने रूपये में डॉ समीर, मंगलू को देखने को तैयार नहीं हैं । उसी रात मंगलू का जीवन ख़त्म हो जाता है। 2 साल बीत गए हैं , कांता को एक बड़े घर से काम करने का offer मिलता है..... 

अब आगे.....    
    

मजबूरी का सौदा (भाग-4) 


वहाँ पहुँच कर कांता को पता चला, वो तो डॉ. समीर के घर का ही काम था।

डॉ. समीर की पत्नी सुलेखा बोली, तुम्हारी बड़ी तारीफ सुनी है, कि तुम बहुत ईमानदार हो, और घर का बड़ा अच्छा काम करती हो। मेरे घर करोगी, तो 5000 रुपया महिना दूँगी। कुछ ही महीने में बेटी की शादी है, तो बहुत ईमानदार औरत ही चाहिए।

एक बार तो कांता का मन किया, कि अपने बेटे के हत्यारे के घर काम नहीं करूंगी। फिर इतने सारे पैसे देख कर छोटे बेटे का ध्यान आ गया।

कांता ने काम पकड़ लिया। कई बार डॉ. समीर से आमना-सामना हुआ, पर वे कांता को पहचान नहीं पाये, उनके लिए तो कांता जैसे बहुत लोग, मरीज को ले कर आते थे।

कांता ने बहुत मन लगा कर काम किया। उसकी ईमानदारी और बहुत अच्छे से काम करने के कारण डॉ. के घर के सब लोग उस पर निर्भर करने लगे।

डॉ. के घर में सब एक से एक आलसी और काम चोर लोग थे। अतः घर में क्या समान कहाँ रखा है? कौन सा काम कैसे करना है? सबकी जानकारी केवल कांता को ही थी।

कल रात को डॉ. की बेटी नेहा की engagement थी, और आज सुबह से ही कांता के छोटे बेटे की तबीयत खराब होने लगी। कांता ने कहलवा भेजा, कि वो दो दिन नहीं आएगी।

कांता नहीं आएगी, सुनकर पूरे घर की हालत खराब हो गयी, सब कुछ तो उसे ही पता है, अब क्या होगा?..... लड़के वालों के सामने क्या इज्ज़त रह जाएगी? कोई घर आ गया तो?.......  कांता के नहीं आने से घर भी पूर्णतः अस्तव्यस्त पड़ा  था।

डॉ. समीर और उनकी पत्नी सुलेखा, कांता के घर आ गए। और गिड़गिड़ाने लगे, काम करने आ जाओ, नहीं तो बेटी के ससुराल वालों को क्या मुँह दिखाएंगे?

सरजू भी आया हुआ था, बोला जब छुट्टी ली है, तो नहीं आएँगी, दो दिन बाद आ जाएंगी।

कैसी बात कर रहे हो, दो दिन बाद आकार क्या करेंगी? डॉ. समीर ने झल्ला कर कहा, Engagement तो कल है।

अच्छा ठीक है, तो इन दो दिन के 10 हज़ार अभी दो।

10 हज़ार..... दिमाग तो ठीक हैं, पूरे महीने के 5 हज़ार देते हैं, तुम्हें 2 दिन के 10 हज़ार चाहिए। डॉ. गुस्से से भर कर बोला।

ठीक है, मत दो, तब भौजी दो दिन बाद ही आएँगी।

क्या कांता ने अपना बदला ले लिया, जानते हैं मजबूरी का सौदा (भाग-5) में