Sunday, 22 November 2026

Short Story : भक्ति तुलसी जी की

कार्तिक मास चल रहा है, जो कि सनातन धर्म में सबसे विशिष्ट महीना माना जाता है।

इसमें ही सर्वोपरि त्यौहार दीपावली आती है और इस मास में ही श्रीहरि चतुर्मास की निद्रा को पूर्ण कर देवोत्थान एकादशी में जाग्रत होते हैं।

इसमें ही महापर्व छठ पर्व आता है और इसी में होता है तुलसी विवाह, और उसके साथ ही हिन्दू धर्म में मांगलिक कार्य प्रारंभ हो जाते हैं।

कार्तिक मास में तुलसी जी का भी बहुत अधिक महत्व होता है। पूरे कार्तिक मास में तुलसी जी की सुबह-शाम आरती व पूजा-अर्चना की जाती है।

आज एक ऐसी ही सुप्रसिद्ध कहानी share कर रहे हैं, जिसमें तुलसी जी की पूजा-अर्चना से मिलने वाले शुभ परिणाम दिखता है…

भक्ति तुलसी जी की


यह कहानी है एक ऐसी बुढ़िया की, जो तुलसी जी की अनन्य भक्त थीं। वो रोज तुलसी जी को जल देतीं और पूरे कार्तिक मास में सुबह-शाम दीया जलातीं, पूजा-अर्चना और आरती करतीं। 

और हर रोज़ तुलसी जी से कहतीं, “सत की दाता, मैं तेरा बिडला सीचती हूँ। मुझे बहु दे, पीताम्बर की धोती दे, मीठा-मीठा गास दे, बैकुंठा में वास दे, चटक की चाल दे,  पटक की मोत दे, चंदन का काठ दे, रानी-सा राज दे, दाल-भात का भोजन दे, ग्यारस की मोंत दे, कृष्ण जी का कन्धा दे।”

शुरुआत में तो तुलसी जी खूब हरी-भरी हुईं, लेकिन फिर तेजी से सूखने लगीं।

एक दिन भगवान श्रीकृष्ण ने कहा, “प्रिय तुलसी! ऐसा क्या हो गया, जो तुम निरंतर सूखती जा रही हो? तुम्हारी बुढ़िया भक्त तो तुम्हारी कितनी सेवा करती है।”

“प्रभु, मैं उसकी वजह से ही निरंतर सूखती जा रही हूँ।” तुलसी जी ने दुखी स्वर में कहा।

“ऐसा क्यों?” भगवान श्रीकृष्ण ने विस्मित होकर पूछा।

“प्रभु, वो मेरी सेवा करते हुए जो मांगती है, मैं उसे सब दे दूँ। पर कृष्ण जी, आपका कंधा देने का वादा कैसे करूँ?”

प्रभु बोले, “प्रिय, तुम्हारी भक्त के लिए मुझे यह स्वीकार्य है।”

तुलसी जी फिर से हरी-भरी हो गई। 

बुढ़िया भी इस संसार के सुख भोगकर मृत्यु को प्राप्त हुई।

उसके अंतिम संस्कार के समय सबने उसे उठाने की बहुत कोशिश की। पर दुबली-पतली बुढ़िया बहुत भारी हो गई थी।

तब भगवान श्रीकृष्ण एक बारह साल के बालक के रूप में आए। सबको परेशान होते देख, बालक ने कहा, “मैं कान में एक बात कहूँगा तो बुढ़िया माई उठ जाएगी।”

बालक ने कान में कहा, “बुढ़िया माई! मन की निकाल ले, पीताम्बर की धोती ले, मीठा-मीठा गास ले, बेकुंठा का वास ले, चटक की चल ले, पटक की मोत ले,  कृष्ण जी का कन्धा ले।”

यह सुनकर बुढिया माई हल्की हो गई।भगवान ने कन्धा दिया और बुढ़िया माई को मुक्ति मिल गई।


हे तुलसी माता! जैसे बुढ़िया माई को मुक्ति दी, वैसे ही सबको देना।

बोलो तुलसी महारानी की जय!